12 हजार की आबादी को दूषित पानी

बिझड़ी (हमीरपुर)। यहां की आधा दर्जन पंचायतों में दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। इससे बीमारी फैलने का खतरा पैदा हो गया है। करीब 12 हजार की आबादी को इस पानी की सप्लाई की जा रही है। महारल दख्योड़ा पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति हो रही है। यहां से गंदा पानी आ रहा है। यहां के सरवण सिंह, नरेंद्र ठाकुर, अनिल कपिल, विजय शर्मा, रवि शर्मा, प्रवीण कुमार, अशोक कुमार, दीनानाथ, सावित्री देवी, राज कुमारी, वीना देवी, जीत राम, प्यार सिंह, विचित्र सिंह, सोहन लाल, कौशल्या देवी का कहना है कि पेयजल योजना से ग्राम पंचायत सठवीं, सकरोह, महारल, समैला और जमली की करीब 12 हजार आबादी को पानी की सप्लाई दी जा रही है। विभाग की ओर से पेयजल योजना से पानी बिना फिल्टर किए सप्लाई किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पेयजल योजना के लिए न कोई गैलरी बनी हुई है और न कोई फि ल्टर बैंड बनाया गया है। उन्होंने बताया कि वर्षों से लगा फिल्टर खराब पड़ा है। इसे ठीक करवाने के लिए लोगों ने कई बार विभाग से मांग की। अभी तक इसकी मरम्मत नहीं करवाई गई है। इससे स्पष्ट है कि आईपीएच विभाग को लोगों के स्वास्थ्य की चिंता नहीं। लोगों का कहना है कि पेयजल योजना से कुछ ही दूरी पर ग्वाल खड्ड पर पुल का निर्माण कार्य चल रहा है।
जहां मजदूरी में लगे प्रवासी मजदूर खुले में शौच कर रहे हैं। इससे पेयजल योजना का पानी दूषित हो रहा है। लोगों ने विभाग से मांग की है कि पेयजल योजना के फिल्टर को ठीक करवाया जाए। उधर, सहायक अभियन्ता पीसी शर्मा का कहना है कि बजट के अभाव में पेयजल योजना में गैलरी नहीं बनी है। बजट का प्रावधान होते ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। उन्होंने फिल्टर के खराब होने बारे अनभिज्ञता जताई है।

Related posts