12 मेडल जीतकर लौटे कुल्लू के होनहार

कुल्लू। गोवा में एक से पांच गई तक हुई राष्ट्रीय शोतोकॉन कराटे प्रतियोगिता में कुल्लू के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कराटे प्रतियोगिता में हिमाचल के नौ खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें कुल्लू के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 4 गोल्ड, एक सिल्वर और सात ब्राउन मेडल जीते। हिमाचल प्रदेश शोतोकॉन कराटे संघ के प्रदेशाध्यक्ष रणवीर ठाकुर ने बताया कि यशुला गुलेरिया ने सीनियर ब्लैक बेल्ट में काते में एक गोल्ड, कुमिते में एक गोल्ड मेडल जीता।
अंडर 15 में शगुन चंदेल ने काते में एक ब्राउंज मेडल और कुमिते में गोल्ड मेडल हासिल किया। अडंर 17 में प्रतीक शिंदे ने कुमिते में गोल्ड और काते में सिल्वर मेडल जीता है। रणवीर ठाकुर ने बताया कि अंडर 15 ब्लैक बेल्ट में सोनम वांग्याल, कार्तिक ठाकुर, हिमांशु गुप्ता, रितिका, शुभम महंत, रितेश शर्मा ने ब्राउंज मेडल जीते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में दस राज्यों की टीमों ने शिरकत की। हिमाचल की टीम प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर रहीं। बुधवार को कुल्लू पहुंचने पर भुंतर में अकादमी ऑफ मार्शल आर्ट के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का हार पहनाकर स्वागत किया। रणवीर ठाकुर ने बताया कि कुल्लू के खिलाड़ी काफी प्रतिभावान हैं। इससे पहले भी कई राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में खिलाड़ी कई बार मेडल जीतकर प्रदेश और कुल्लू का नाम रोशन कर चुके हैं। इस अवसर पर भुंतर में अकादमी के चेयरमैन किशन ठाकुर, विपिन चंदेल, लसकरी राम, संजय पठानिया, हरीश चंद्र और शौभे राम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related posts