12 घंटे बाद हुए मां के दर्शन

भरवाईं (ऊना)। मां चितंपूर्णी के दरबार में रविवार तक मां के भक्तों का भारी जन सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए लाइनों में मां के दर्शनों के लिए आगे बढ़ रहे थे। रविवार को पांचवें नवरात्रे तक मां के दरबार में दो लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच चुके हैं, जबकि श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। चिंतपूर्णी क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी है कि सड़क पर पैदल चलना मुश्किल हो गया है, वहीं श्रावण अष्टमी नवरात्रों में जिला प्रशासन एवं मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए प्रबंधों एवं व्यवस्थाओं की पोल खुलकर सामने आई है। शनिवार और रविवार को श्रद्धालुओं के सैलाब के आगे प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाएं भी बौनी साबित हुईं, जहां दर्शनों के लिए लगी श्रद्धालुओं की लाइनें धीमी गति से चलीं और मां के दर्शनों को श्रद्धालुओं को 12 घंटे से भी ज्यादा समय का इंतजार करना पड़ा। भीड़ को नियंत्रण करने के लिए मुख्य मंदिर मार्ग में घंटों तक कोई भी जवान नजर नहीं आया, जिससे कई बार श्रद्धालुओं ने डबल लाइनों को तोड़कर खुद ही तीन लाइनें लगा लीं। उधर, क्षेत्र में चौथे-पांचवें नवरात्रे के दौरान सफाई-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। पिछले तीन दिन से मेन बाजार में कूडे़ के ढेराें को उठाने के लिए कोई भी सफाई कर्मी मौजूद नहीं दिखा। उधर, मेले की व्यवस्थाओं को लेकर चिंतपूर्णी मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान कहा कि वह मंदिर में बैठे हैं। उन्हें लाइन व्यवस्थाओं एवं मेले की खामियों के बारे में न पूछा जाए। इस बारे में जिन क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट लगे हैं, उनसे ही बात की जाए। उधर, सहायक मेला अधिकारी एवं एसडीएम अंब सुखदेव सिंह ने कहा कि लाइन व्यवस्था को नियंत्रित करने के सुरक्षा कर्मी जगह-जगह तैनात हैं और सफाई व्यवस्था बनाने के लिए सफाई कर्मी भी क्षेत्र में मौजूद हैं। क्षेत्र में श्रद्धालुओं में पानी के लिए भी हाहाकार मचा हुआ है। सभी होटल एवं धर्मशालाएं खचाखच भर चुके हैं। इसके कारण श्रद्धालु सड़कों पर ही सोकर रात गुजार रहे हैं।

Related posts