
ऊना। भयंकर गर्मी, चारों ओर भिनभिनाते मच्छर और चारों ओर घुप अंधेरा, ऐसा ही हाल शुक्रवार पूरी रात क्षेत्र की ग्राम पंचायतों समूरकलां, बरनोह और आसपास के लोगों का रहा। जहां रात लगभग 10 बजे के करीब अचानक गुल हुई बिजली शनिवार सुबह 10 बजे के बाद सुचारु हो पाई। इसी क्षेत्र में पिछले वर्ष भी गर्मियों के सीजन में फ्यूज उड़ने का सिलसिला लगातार चलता रहा था, जबकि इस बार भी लोगों के लिए गर्मियों का स्वागत बिजली बोर्ड के पुराने उपकरण पिछले साल की भांति ही कर रहे हैं। शुक्रवार पूरी रात गुल रही बिजली के कारण गर्मी और मच्छरों के कारण छोटे-छोटे बच्चों और बुजुर्गों का बुरा हाल हुआ, लोगों को जाग कर रात गुजारनी पड़ी। इस कारण स्थानीय लोगों में बिजली बोर्ड के प्रति गुस्सा है।
स्थानीय लोगाें में शुभकरण ठाकुर, बख्शीश सिंह, प्रदीप कुमार, अश्विनी ठाकुर, सुरेश कुमार, राजीव, विवेक कुमार, सुभाष चंद ने बताया कि शुक्रवार रात को अचानक बिजली बंद होने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि बरनोह के तहत पड़ते कुरियाला मोड़ से आगे बिजली पूरी तरह बंद रही। इस कारण उन्हें रात भर परेशानियों से दो-चार होना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि बोर्ड की ओर से लगाए गए ट्रांसफार्मरों के फ्यूज उड़ने के कारण ऐसा होता रहता है। इस कारण उन्हें कई मुसीबतों से जूझना पड़ता है। उन्होंने मांग की है कि बोर्ड को क्षेत्र वासियों को इस प्रकार की परेशानियाें से निजात दिलाने के लिए पुख्ता इंतजाम करने चाहिए। उधर, बोर्ड के अधिशासी अभियंता बीएम सिंह ने बताया कि लोगाें की समस्या ध्यान में लाई गई है, जिसका जल्द ही स्थायी हल किया जाएगा।
