
कपूरथला (भूषण): थाना सदर कपूरथला की पुलिस ने गत रात्रि कपूरथला-जालंधर मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान साइंस सिटी के नजदीक मध्यप्रदेश के इंदौर शहर से संबंधित एक तस्कर से 11 किलो अफीम बरामद की है। बरामद अफीम प्रदेश के कुछ बड़े अफीम तस्करों को मुहैया कराई जानी थी। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
जिला पुलिस लाइन में रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जिला पुलिस प्रमुख इंद्रबीर सिंह ने बताया कि डिप्टी सी.एम. सुखबीर सिंह बादल के आदेशों पर प्रदेशभर में चल रहे नाइट डोमीनेशन आप्रेशन के तहत डी.एस.पी. सब-डिवीजन परमजीत सिंह की निगरानी में थाना सदर के एस.एच.ओ. सुखा सिंह ने पुलिस टीमों के साथ साइंस सिटी टी-प्वाइंट पर नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान जब जालंधर से आ रहे पैदल व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई तो उसके बैग में से 11 किलो अफीम बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम सतनाम सिंह पुत्र जगतार सिंह निवासी बागकलां जिला फतेहगढ़ बताया। आरोपी ने खुलासा किया कि वह वर्तमान में मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में रह रहा है तथा लंबे समय से अफीम तस्करी का कारोबार करता है। आरोपी ने बताया कि वह बरामद अफीम पजाब के कुछ बड़े ड्रग तस्करों को देने आया था। बताया जाता है कि आरोपी ने कई बड़े तस्करों के नाम उजागर किए हैं। एस.एस.पी. ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। आरोपी से और भी कई गरफ्तारियां होने की संभावना है।
‘स.ह.’ के अनुसार पकड़े गए तस्कर सतनाम सिंह को थाना सदर पुलिस ने माननीय ड्यूटी मैजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया जहां से अदालत ने आरोपी को 25 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
