11वीं की परीक्षा तिथि में फेरबदल

कुल्लू (भाग सिंह) प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग ने 11वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा तिथि में मामूली फेरबदल किया है। उपनिदेशक उच्च शिक्षा कुल्लू जगदीश ने बताया कि बीते दिनों प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने हिमाचल प्रदेश अध्यापक संघ के साथ बैठक की। इसमें विचार-विमर्श करने के बाद ही 11वीं की वार्षिक परीक्षा में मामूली संशोधन किया गया है। उन्होंने बताया कि अंग्रेजी विषय की परीक्षा जो 13 मार्च को होनी थी, अब दस मार्च को होगी। इसी तरह संगीत विषय की परीक्षा जो पहले 10 मार्च को निर्धारित की गई थी, अब वह 13 मार्च को होगी। डिप्टी डायरेक्टर कुल्लू ने बताया कि इसके बारे में आवश्यक दिशा-निर्देश और संशोधित की गई सूची को शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर डाल दिया गया है। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों से आग्रह किया है कि वे इसकी जानकारी विभागीय वेबसाइट से डाउनलोड कर प्राप्त कर सकते हैं। शिक्षा उपनिदेशक ने सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों से अपील की है कि वे इस विषय में बच्चों को जानकारी दें।

Related posts