
ऊना। आबकारी एवं कराधान विभाग के फ्लाइंग स्कवायड (सेंट्रल जोन) ने जाहू में एक व्यापारी से 415 ग्राम सोने के जेवरात पकड़े हैं। इनकी बाजार में कीमत 9.73 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इन जेवरात को तिलकराज बिना बिल के होशियारपुर (पंजाब) से लाया था। इस पर फ्लाइंग स्कवायड ने उक्त व्यापारी को 2.53 लाख रुपये जुर्माना किया है। इसमें 9763 रुपये वैट भी शामिल है। जानकारी के मुताबिक गंदड़ (जयसिंहपुर) के तिलकराज मंगलवार को जाहू बाजार में सोने के जेवरात लेकर जा रहे थे। इसकी फ्लाइंग स्कवायड को भनक लगी थी। एईटीओ एएन शर्मा की अगुवाई में फ्लाइंग स्कवायड की टीम ने तिलकराज को चैकिंग के लिए रोका। इस बीच उसके बैग से बिना बिल के सोने के जेवरात बरामद हुए। इस टीम में कांस्टेबल राजेंद्र कुमार, रमन कुमार और कश्मीर सिंह भी शामिल रहे। इस बारे में एईटीओ ने उक्तव्यक्ति से पूछताछ की। वह सोने के जेवरात के बिल प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद टीम ने सोने के जेवरात अपने कब्जे में ले लिए। एईटीओ एएन शर्मा ने बताया कि जुर्माना अदा करने के बाद ही फ्लाइंग स्कवायड ने सोने के जेवरात रिलीज किए।
