10 दिनों में 10 घंटे भी नहीं पहुंचे निगम ऑफिस

पटियाला (राजेश): पंजाब सरकार ने बेशक पी.सी.एस. अधिकारी गुरपाल सिंह चहल को शाही शहर पटियाला के नगर निगम का कमिश्नर नियुक्त कर दिया है परंतु सरकार द्वारा शहर का एस.डी.एम. न लगाने के कारण कमिश्नर चहल एस.डी.एम. शिप के चक्कर में फंस गए हैं।

यही कारण है कि बेशक उनको कमिश्नर का पद संभाले 10 दिन हो गए हैं परंतु वह इन 10 दिनों में 10 घंटे भी निगम कार्यालय में नहीं बैठ सके। कमिश्नर चहल ने 16 जून को पद संभाला था तो उस समय वह आधा घंटा ही निगम में रह सके थे तथा इनको एस.डी.एम. शिप के कारण चलता प्रोग्राम छोड़ कर जाना पड़ा था। उस समय बेरोजगार लाइनमैनों ने बिजली बोर्ड के समक्ष बड़ा धरना लगाया हुआ था, जिस कारण लगातार 2-3 दिन ज्वाइन करने के बाद उनको बेरोजगार लाइनमैनों के धरने को संभालना पड़ा।

लाइनमैनों का धरना उठवाने के बाद पंचायती चुनावों का प्रोसैस शुरू हो गया। एस.डी.एम का चार्ज भी उनके पास ही है। एस.डी.एम. का कार्य काफी है। चुनाव होने के कारण उनको दिन भर पंचायती चुनावों की ओर ध्यान देना पड़ रहा है। इसी कारण वह चाहते हुए भी नगर निगम कार्यालय नहीं आ सकते।

कमिश्नर की गैर-हाजिरी के कारण नगर निगम की समूची ब्रांचों की आमदनी पर काफी असर पड़ गया है, क्योंकि रिव्यू मीटिंग न होने के कारण कर्मचारी काफी ढीले पड़ गए हैं। पहले से ही आर्थिक तौर पर कमजोर चल रहे निगम की आर्थिक हालत और बदतर हो गई है। यदि यही हाल रहा तो जुलाई महीने में नगर निगम अपने कर्मचारियों को वेतन तक नहीं दे सकेगा।

इस संबंधी मेयर अमरेन्द्र बजाज ने कहा कि पंचायती चुनावों के कारण नगर निगम का कामकाज प्रभावित हो रहा है। कमिश्नर के अतिरिक्त नगर निगम के अधिकतर स्टाफ की ड्यूटी चुनावों में लगी हुई है, जिस कारण भी आमदनी पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 3 जुलाई को चुनाव खत्म हो जाएंगे, उसके तुरंत बाद वह कमिश्नर को साथ लेकर सांझी रिव्यू मीटिंग बुलाएंगे, जिसमें समूची ब्रांचों के टारगेट का रिव्यू किया जाएगा।

एस.डी.एम. का चार्ज होने के कारण ही कमिश्नर की मजबूरी है कि उनको चुनावों संबंधी कार्य देखना पड़ रहा है। चुनाव खत्म होने के बाद वह कमिश्नर को साथ लेकर सांझी रिव्यू मीटिंग बुलाएंगे, जिसमें समूची ब्रांचों के टारगेट का रिव्यू किया जाएगा। चुनाव खत्म होने के बाद नगर निगम की आमदनी की ओर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Related posts