
गगरेट (ऊना)। गगरेट नगर के राधा स्वामी रोड पर स्थित एक मकान में चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। यह मकान एक होमगार्ड के जवान है। चोर घर से बर्तन, कपड़े, सोने के कुछ गहने तथा अन्य घरेलू सामान चुराकर ले गए। पीड़ित राकेश कुमार ने इस संदर्भ में पुलिस थाना गगरेट में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने भी घटनास्थल का दौरा करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मामला भी दर्ज कर लिया। हैरानी की बात यह है कि वारदात की पड़ोसियों को भनक तक नहीं लगी।
पुलिस के अनुसार चोरों ने वीरवार दिन के समय ही घटना को अंजाम दिया। वारदात के समय परिवार का कोई भी सदस्य घर में नहीं था। पुलिस का मानना है कि हो सकता है आसपास के क्षेत्र का ही कोई व्यक्ति चोर गिरोह के साथ मिला हुआ हो। जिसे शिकायतकर्ता की हर गतिविधियों की खबर हो और उन पर तथा उनके परिवार पर पूरी नजर रखे हुए हो। पुलिस ने बताया कि चोरों ने घर के ताले तोड़कर घर में प्रवेश किया। घर के एक-एक सामान की तलाशी लेकर बर्तन, कपड़े, गहने आदि चुरा लिए। आश्चर्य की बात है कि पड़ोसियों को इस बात की भनक तक नहीं लगी। शिकायतकर्ता तथा परिवार के अन्य लोग जब घर पहुंचे तो घर में सारा सामान बिखरा देख पूरा माजरा भांप गए। इसके बाद पुलिस के पास शिकायत की। उधर, डीएसपी अंब मदन कौशल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
