होटल में घुसकर वेटर पर हमला

बहडाला (ऊना)। ऊना-नंगल मार्ग पर बहडाला क्षेत्र में स्थित एक होटल में चार युवक लाठियां लेकर घुसे। इन युवकों ने होटल के एक वेटर से गाली गलौच के बाद उस पर अचानक हमला कर दिया। वारदात के दौरान होटल के अन्य स्टाफ ने वेटर को किसी तरह हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। होटल मालिक समेत स्टाफ के कुछ और लोग भी जब वहां पहुंचे तो हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हमलावरों ने लाठियां होटल वेटर के सिर की ओर घुमाते हुए उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। हेड कांस्टेबल जसवंत को घटना की जांच का जिम्मा सौंपा गया है। तीन हमलावरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में जख्मी वेटर का भी पुलिस ने मेडिकल कराया। पुलिस के अनुसार हमलावर युवक 13 सितंबर को भी होटल में आए थे। होटल में चल रही शादी समारोह की एक पार्टी में आई युवतियों के साथ इन युवकों ने छेड़छाड़ की थी। वेटर का कसूर इतना था कि उसने इन आरोपी युवकों को युवतियों से छेड़छाड़ करने से रोका था। इसी बात पर बीती रात फिर से ये युवक लाठियां लेकर होटल में घुसे और वेटर नीरज निवासी कुरियाला पर हमला कर दिया। काफी मारपीट के बाद बाकी स्टाफ के बीच बचाव के चलते नीरज को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया गया। जब होटल मालिक और अन्य सारा स्टाफ भी वहां पहुंचा तो आरोपी युवक लाठियां घुमाते हुए नीरज को जान से मारने की धमकी देकर चले गए। हमलावरों में राहुल, सुशांत, हर्ष तथा एक अन्य युवक को नामजद किया गया है। जिला पुलिस कप्तान अनुपम शर्मा ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ भादंसं की धारा 451, 323, 504, 506, 506(2) और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसपी ने कहा कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts