होटल के कमरे में मृत मिला युवक

भरवाईं (ऊना)। क्षेत्र के एक होटल में एक 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। युवक को अचेत अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच लाश को कब्जे में ले लिया है, जबकि मृतक शिनाख्त उसके साथ आए उसके संबंधियों और परिवार के लोगों ने कर दी है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में एफआईआर दर्ज कर ली है, शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया गया है। मृतक पंजाब के तरनतारन जिले से संबंधित बताया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पंजाब के तरनतारन जिले के गांव सरियाली कलां का निवासी 26 वर्षीष युवक गुरदीप सिंह अपने परिवार के सदस्यों और संबंधियों के साथ रविवार सुबह ही चिंतपूर्णी पहुंचा था। उन्होंने एक होटल में किराये पर कमरा ले लिया। मृतक के साथ सभी लोग मेला देखने बाहर चले गए, जबकि वह ब्रश आदि करने चलते कमरे ही रुक गया। काफी देर बाद जब उसके साथ कमरे में वापस पहुंचे तो वह बाथरूम में गिरा पड़ा था। उसे 108 एंबुलेंस की मदद से तुरंत चिंतपूर्णी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया है। मामले के जांच अधिकारी और एएसआई अजायब सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर लिया है। मामले के संदर्भ में छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम के लिए शव को क्षेत्रीय अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मामले का खुलासा होगा।

Related posts