हैलो! अपना खाता नंबर बताओ

नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन में बैंक उपभोक्ताओं को गुमराह कर उनके खातों की जानकारी ली जा रही है। स्वयं को बैंक अधिकारी बताकर अज्ञात नंबरों से कॉल कर उपभोक्ताओं के एटीएम कार्डों की गुप्त संख्या तक पूछी जा रही है। जब उपभोक्ता उक्त नंबरों पर डायल कर रहे हैं तो यह नंबर मौजूद नहीं है की सूचना आ रही है।
बैंक उपभोक्ताओं में कुलबीर सिंह, कश्मीर चंद, राम प्रकाश, वेद प्रकाश, प्रताप सिंह, पुरुषोत्तम चंद तथा बलबीर आदि का कहना है कि मोबाइल नंबर 917761811238 से काल आई। कॉल पर व्यक्ति ने स्वयं को एक बैंक का अधिकारी बताया और उनके एटीएम कार्ड का रंग पूछा। कथित अधिकारी ने बताया कि बैंक से अज्ञात व्यक्ति ने एक हजार करोड़ रुपये का फ्राड किया है। इसी कारण आपके नंबर की सीरीज के सभी एटीएम कार्ड बंद किए जा रहे हैं। यहां तक कि कथित अधिकारी ने बैंक खाता संख्या और पिन कार्ड नंबर भी पूछा। लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने कॉल डिस्कनेक्ट कर दी। उपभोक्ताओं ने उक्त नंबर पर कॉल की तो नंबर डज नॉट एग्जिस्ट आया। ऐसे में उपभोक्ताओं को एहसास हुआ कि यह केवल फ्रॉड था।
उधर, शाखा नादौन के मैनेजर विजय कटोच का कहना है कि उनके पास भी कुछ खाता धारक ऐसी शिकायतें लेकर पहुंचे हैं जो निराधार हैं। उन्हाेंने कहा कि बैंक के सभी खाते सुरक्षित हैं। लोगों को चाहिए कि वह ऐसे बहकावे में न आएं।

Related posts