हेलीकॉप्टर वीआईपी टूर पर, मरीज बेहाल

उदयपुर। लाहौल-पांगी घाटी के लिए शीतकालीन हेलीकॉप्टर की उड़ानों पर कभी मौसम तो कभी वीवीआईपी टूर भारी पड़ रहा है। काफी दिनों से उड़ानों पर मौसम की मार पड़ रही थी। लेकिन, रविवार को घाटी में मौसम उड़ानों के लिए बिल्कुल साफ रहा। हालांकि, हेलीकॉप्टर ने लाहौल के लिए उड़ान भरी लेकिन भुंतर से उदयपुर हेलीपैड के लिए एक उड़ान भरने के बाद फिर हेलीकॉप्टर
वीवीआईपी टूर पर चला गया। जबकि, तय शेड्यूल के मुताबिक दूसरी उड़ान भुंतर-स्तींगरी-भुंतर के बीच प्रस्तावित था। दूसरी उड़ान नहीं होने से घाटी में फंसे बीमार लोगों के साथ जरूरतमंद लोगों में सरकार के प्रति काफी रोष है। ाटीवासी सोनम राम, जगत सिंह और रमेश लाल ने बताया कि लाहौल-पांगी घाटी के लिए शीतकालीन हेलीकॉप्टर की उड़ानों पर भाजपा-कांग्रेस सिर्फ सियासी रंगत देने लगते है। इनका कहना है कि भाजपा के लोग हेलीकॉप्टर की नियमित उड़ानों को लेकर कांग्रेस सरकार को कोस रहे हैं तो दूसरी तरफ कांग्रेस के कुछ नेतागण उड़ानों पर मौसम को जिम्मेवार ठहराते आ रहे हैं। उन्होंने उन नेताओं से सवाल किया है कि रविवार को लाहौल घाटी में मौसम बिल्कुल साफ रहा, लेकिन स्तींगरी के लिए प्रस्तावित हेलीकॉप्टर की दूसरी उड़ान कहां गई। रमेश लाल ने कहा कि लाहौल के नेताओं को पार्टी हित के बजाय जनहित पर ध्यान देना चाहिए। लाहौल घाटी के विभिन्न हेलीपैडों में बीमार लोगों के साथ स्कूली बच्चे और जरूरतमंद लोग फंसे हुए हैं, जो हेलीकॉप्टर की राह ताक रहे हैं। कुल्लू में तैनात उड़ान समिति के सहप्रभारी शेर लाल ने बताया कि रविवार को लाहौल घाटी के लिए हेलीकॉप्टर की दो उड़ानें प्रस्तावित थीं। लेकिन एक ही उड़ान भुंतर-उदयपुर-भुंतर के बीच हुई है। इसमें 46 लोग रोहतांग दर्रे के आरपार हुए हैं।

Related posts