हेलीकाप्टर सीट आवंटन को लेकर कांग्रेस भड़की

केलांग। हेलीकाप्टर की सीटों के आवंटन को लेकर कांग्रेस भड़क गई है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि उड़ान समिति कुल्लू कुछ खास लोगों को प्राथमिकता दे रही है। जिला प्रशासन की हिदायत के बावजूद यात्रियों की शिकायतें लगातार आ रही हैं। जिला कांग्रेस प्रवक्ता एवं बीडीसी के पूर्व अध्यक्ष नोरबू थोलगपा ने बताया कि उड़ान समिति कई ऐसे यात्रियों के नाम उड़ान सूची में प्रकाशित कर रही है जो कई दिन पहले लाहौल पहुंच चुके हैं। नोरबू ने कहा कि उड़ान समिति ऐसा जानबूझ कर रही है। आरोप लगाया है कि यह सब कुछ खास लोगों को एडजस्ट करने के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि साल 2004-05 में तत्कालीन उपायुक्त और बीडीसी के चेयरमैन रहते उन्होंने लोगों की मांग पहले आओ पहले पाओ की नीति बना कर वरिष्ठता के आधार पर सीट मुहैया करवाने की परंपरा शुरू की थी। यात्रियों को पारदर्शी सेवा उपलब्ध करवाने के लिए कुल्लू के बजाय लाहौल से ही सरकारी कर्मियों को उड़ान समिति कुल्लू का प्रभार सौंपा गया।
उन्होंने कहा मौजूदा हालात में आम जनता को हेलीकाप्टर में सीट मिलना मुश्किल हो गया है। बताया कि तांदी डाइट में आवेदन करने वाला एक यात्री दिनेेश कुछ रोज पहले ही अपना जमा किराया वापस लेकर पैदल लाहौल पहुंच चुका है। बुधवार को हुई उड़ान में उनका नाम भी सूची में प्रकाशित था। आरटीआई कार्यकर्ता रिगजिन हायरपा ने कहा कि वह इस मामले को लेकर आरटीआई दायर करने जा रहे हैं। नवनिर्वाचित टीएसी मेंबर प्यारे लाल ने कहा कि सीट आवंटन में ऐसा किया जा रहा है तो इसकी शिकायत विधायक से की जाएगी। उड़ान समिति के प्रभारी शेर लाल ने कहा कि कुछ लोग पैदल गए हैं। उन लोगों ने अपने नाम वापस नहीं लिए हैं। इस कारण यह असमंजस पैदा हुआ है। उन्होंने गड़बड़ी के आरोपों को गलत बताया।

Related posts