
ऊना। जिला के रोड़ा में रविवार सुबह पेश आए सड़क हादसे में बाइक पर सवार भाई-बहन समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें हरोली अस्पताल ले जाया गया है। जबकि पुलिस ने एक अन्य बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस के अनुसार गुरचरण सिंह पुत्र रत्न चंद निवासी रोड़ा ने शिकायत दर्ज करवाई है कि रविवार सुबह वह अपने घर से सत्संग सुनने के लिए जा रहा था। एक मोटरसाइकिल नंबर एचपी 20डी 4372 के चालक बलविंद्र सिंह निवासी समनाल ने तेज रफ्तार से बाइक चलाते हुए हरोली की तरफ से आ रहे बाइक नंबर एचपी 20सी 2418 को टक्कर मार दी। इससे बाइक चालक संजीव कुमार पुत्र हरविलास निवासी हरोली एवं पीछे बैठी उनकी बहन मोना को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे में खुद बलविंद्र सिंह को भी चोटें आई हैं। हादसे के फौरन बाद सभी घायलों को हरोली स्थित अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया है। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है।
