
नादौन (हमीरपुर)। नादौन में डायनामाइट से मछलियों का शिकार करना एक युवक को महंगा पड़ गया। शिकार करते समय डायनामाइट युवक के हाथ में ही फट गया। युवक के हाथ की चार अंगुलियां उड़ गईं। हाथ में मात्र अंगूठा ही शेष बचा है। हादसे के बाद परिजन युवक को टांडा ले गए हैं।
जानकारी के अनुसार फुंडी राम मझीण क्षेत्र की ताल खड्ड में डायनामाइट से मछलियों का अवैध शिकार कर रहा था। जैसे ही उसने डायनामाइट की बत्ती को आग लगाई तो डायनामाइट युवक के दाहिने हाथ में ही फट गया। इससे अंगूठे को छोड़ कर शेष चारों अंगुलियां डायनामाइट के धमाके से उड़ गई हैं। घटना रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे की है। हादसे के बाद युवक को परिजन टांडा ले गए। पिछले दिनों फुंडी राम एक विस्फोट से करीब 50 किलो मछलियों का शिकार कर चुका था। फुंडी राम घर पर फर्नीचर बनाने का काम करता है। प्रशभन यह भी उठता है कि डायनामाइट युवक के पास कैसे पहुंचा। स्थानीय लोगों संजीव कुमार, आशीष कुमार, अनिल कुमार, नानक चंद, प्रियतोष, अतुल कुमार, मनोज कुमार, सुदर्शन कुमार, रमन कुमार, विरेंद्र राहड़, बबलू कुमार, राकेश कुमार आदि ने मांग की कि मछलियों के अवैध शिकार पर रोक लगाई जाए। थाना प्रभारी ज्वालामुखी सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि घटना की सूचना नहीं मिली है।
