हवन-यज्ञ के साथ कल यज्ञेश्वर मंदिर की प्रतिष्ठा

रामपुर बुशहर। क्षेत्र के शिंगला गांव में स्थित देवता साहिब यज्ञेश्वर के नए मंदिर की विधिवत प्रतिष्ठा की जा रही है। 11 दिसंबर को जल यात्रा के साथ समारोह की शुरूआत होगी। संचालन कमेटी के प्रताप वर्मा, पूर्ण गौतम, विजय नंद, गंगा राम और कारदार कुलदीप तथा पदम देव ने बताया कि प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियां करीब पूरी कर ली गई हैं। 12 दिसंबर को यहां देवताओं का आगमन होगा। समारोह में मेजबान देवता के अलावा डंसा के शुक्राचार्य देवता, देवता दोगणू लालसा, देवता जाहरू नाग शनेरी, देवता लक्ष्मी नारायण कुमसू और देवता जाख रचोली शरीक होंगे। 13 दिसंबर को शिखा पूजन होगा। इसी दिन पूर्णाहुति के बाद समारोह संपन्न होगा।
समारोह के आखिरी दिन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भी यहां पहुंचेंगे और हवन कुंड में पूर्णाहुति डालेंगे। समारोह में शिंगला समेत दूर-दूर से पहुंचने वाले लोगों के लिए भंडारे की व्यवस्था की जाएगी। शाम के समय मेहमान देवताओं को विदाई दी जाएगी। शिंगला में देवता का पुराना मंदिर काफी जर्जर हो गया था। मंदिर कमेटी ने जन सहयोग से यहां लाखों की लागत से देवता के लिए नए मंदिर का निर्माण करवाया। निर्माण कार्य पूर्ण होने पर अब इसकी प्रतिष्ठा की जा रही है। जिससे की देवता इसमें विराजमान हो सके।

स्कूल भवन का लोकार्पण भी करेंगे सीएम
शिंगला गांव में देवता यज्ञेेश्वर के नए मंदिर की प्रतिष्ठा समारोह में शरीक होने आ रहे मुख्यमंत्री वीरभद्र यहां सीनियर सेकेंडरी स्कूल के नए भवन का भी लोकार्पण करेंगे। यहां बच्चों के लिए लाखों की लागत से भव्य भवन का निर्माण किया गया है।

Related posts