हर बार वर्षा से मच रही तबाही

फगवाड़ा: शहर में हर बार वर्षा से मच रही भारी तबाही के कारण शहर में रह रहे हजारों लोग खौफ के साए में जीवन व्यतीत करने को विवश हैं। पत्रकारों से वार्तालाप करते हुए लोगों ने बताया कि वे हैरान हैं कि उनको हो रही परेशानी के बावजूद न तो सरकारी प्रबंध और न ही राजनेता वर्षा से हो रही तबाही को लेकर चिंतित हैं।

लोगों ने कहा कि नगर निगम द्वारा अभी तक कई निचले इलाकों में न तो सीवरेज की साफ-सफाई पूर्ण की गई है और न ही इस दिशा में कोई सरकारी पहल होती दिखाई दे रही है। नगर कौंसिल के पूर्व पार्षद रामपाल उप्पल ने लोगों को रही परेशानी को सही ठहराते हुए कहा है कि जनता जो कुछ कह रही है वह सही है।

पूर्व पार्षद पवन शर्मा पप्पी ने कहा कि जब से नगर कौंसिल को निगम का दर्जा प्रदान किया गया है तब से जनता का कोई काम नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि सत्तापक्ष के नेता सिर्फ मीडिया में या तो केन्द्र की लोकप्रिय कांग्रेस शासित यू.पी.ए. सरकार पर छींटाकशी करते रहते हैं। वे प्रत्येक चुनाव के पश्चात अपने मुंह से अपनों का ही गुणगान करने में लगे हुए हैं।

शहर में पिछले 15 दिनों में स्थानीय गौशाला रोड, बांसावाला बाजार, सुभाष नगर, दशमेश नगर, चाहल नगर, हरगोबिन्द नगर, भगतपुरा, ओंकार नगर, रत्नपुरा, टिब्बी, माडल टाऊन सहित दर्जनों इलाकों में लोगों को इलाके में हुई वर्षा के कारण लाखों रुपए की क्षति झेलनी पड़ी है। बावजूद इसके उक्त इलाकों में सीवरेज लाइनों को ठीक करने व वर्षा के कारण होते पानी के भारी जमावड़े संबंधी कुछ भी खास नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि वे बतौर पूर्व पार्षद जिलाधीश कपूरथला व पंजाब सरकार से मांग करते हैं कि सरकार शहर में सुध ले।

Related posts