
बीजिंग: चीन से निवेश की पुरजोर वकालत करते हुए हरियाणा ने प्रदेश में व्यापक सुविधाओं के साथ चीनी औद्योगिक पार्क की स्थापना के लिए बड़ी मात्रा में जमीन देने की पेशकश की है। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एस एस ढिल्लों की अगुवाई में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने यहां पांचवें चीन विदेशी निवेश मेले में एक सेमिनार आयोजित किया और चीन को एक वृहद औद्योगिक पार्क स्थापित करने के लिए भूमि, बिजली और अन्य जरूरी आधारभूत ढांचे की पेशकश की।
दिल्ली और महाराष्ट्र के साथ हरियाणा चीनी औद्योगिक पार्क की स्थापना के लिए गंभीर प्रयास कर रहा है ताकि भारत में निवेश को बढ़ाया जा सके। हरियाणा के अलावा दिल्ली और महाराष्ट्र भी चीनी औद्योगिक पार्क के लिए प्रयास कर रहे हैं। चीन के प्रतिनिधिमंडल ने पहले ही इन तीन राज्यों का दौरा कर रखा है लेकिन अभी यह फैसला नहीं किया है कि कहां पर वह पार्क की स्थापना करेगा।
यह पार्क चीन का दोनों देशों के बीच व्यापार असंतुलन को दूर करने के प्रयास का हिस्सा है। व्यापार असंतुलन करीब 30 अरब डालर का हो गया है। हरियाणा प्रदेश औद्योगिक एवं संरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) के प्रबंध निदेशक तरण बजाज ने बताया कि उनकी सरकार ने चीनी पार्क के लिए 500 एकड़ भूमि की पेशकश की है।
