हरिपुर कालेज में वाणिज्य विषय को मंजूरी

हरिपुर (कुल्लू)। उझी घाटी के युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है। राजकीय महाविद्यालय हरिपुर में वाणिज्य की कक्षाएं बिठाने को मंजूरी मिल गई है। महाविद्यालय के प्राचार्य डा. पीपी काइस्था ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि राजकीय महाविद्यालय में वाणिज्य की कक्षाओं की मंजूरी की सूचना उन्हें फैक्स के माध्यम से मिली।
उन्होंने बताया कि वाणिज्य विषय में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्र 20 जुलाई तक कालेज में प्रवेश ले सकते हैं। कालेज में वाणिज्य की 60 सीटों को मंजूरी मिली है।
कुल्लू हरिपुर कालेज में वाणिज्य की कक्षाएं शुरू न होने के कारण उझी घाटी के सैकड़ों युवाओं को कुल्लू कालेज में वाणिज्य की पढ़ाई करने आना पड़ रहा था। अब कालेज में वाणिज्य को मंजूरी मिलने से सैकड़ों युवाओं लाभ होगा। जानकारी के अनुसार तीनों छात्र संगठन कुल्लू कालेज में वाणिज्य की सीटों को बढ़ाने की मांग कर रहे थे।
छात्रों का कहना था कि वाणिज्य विषय की सीटें कम होने के कारण कई छात्रों को मजबूरन कला विषय पढ़ना पड़ रहा था लेकिन अब हरिपुर कालेज में वाणिज्य की कक्षाओं को मंजूरी मिलने से छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी।
कालेज के प्राचार्या डा. पीपी काइस्था ने बताया कि उन्होंने कालेज में साइंस और वाणिज्य की कक्षाएं शुरू करने का प्रपोजल भेजा था। इसमें वाणिज्य की 60 सीटों को मंजूरी मिली है। कुल्लू कालेज में छात्र वाणिज्य की सीटें बढ़ाने की मांग कर रहे थे लेकिन अब हरिपुर कालेज में 60 सीटों को मंजूरी मिलने से उझी घाटी के सैकड़ों युवाओं का राहत मिलेगी।
अब उम्मीद साइंस की कक्षाओं की
मनाली यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष हीरालाल विभु ने हरिपुर कालेज में वाणिज्य की कक्षाएं शुरू करने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने राहत दी है। उन्होंने उम्मीद जताई की कालेज में शीघ्र ही साइंस की कक्षाएं भी शुरू होंगी।

Related posts