
जोगिंद्रनगर (मंडी )। अंडर-19 जिला स्तरीय एथलेटिक्स खेलकूद प्रतियोगिता में रावमापा हराबाग के छह एथलीटों का राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिए चयन हुआ है। सोमवार को स्कूल पहुंचने पर सभी खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। जोगिंद्रनगर कन्या स्कूल में हाल ही में आयोजित प्रतियोगिता में हराबाग के खिलाड़ियों ने ट्राफी पर कब्जा जमाया। प्रधानाचार्य कमलेश ठाकुर ने बताया कि स्कूल से छह खिलाड़ी 29 अक्तूबर को धर्मशाला में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के 1500 मीटर और 800 मीटर दौड़ में हराबाग के यशवंत ने स्वर्ण पदक, वीरेंद्र चक्का फेंक में स्वर्ण एवं गोला फेंक में रजत, चार गुणा सौ मीटर रिले में यशवंत, शेषराम, देवलोक और भाग सिंह ने स्वर्ण पदक जीता। सौ मीटर और दो सौ मीटर में शेषराम ने रजत पदक, चार सौ मीटर में देवलोक ने कांस्य और लंबीकूद में भाग सिंह ने कांस्य पदक जीता। प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा अंक प्राप्त करने पर स्कूल को छात्र वर्ग में ओवरआल चैंपियन घोषित किया गया। धावक यशवंत को चार स्वर्ण पदक जीतने पर जिला का सर्वश्रेष्ठ एथलीट घोषित किया गया। सोमवार को खिलाड़ियाें का स्कूल पहुंचने पर स्कूल प्रधानाचार्य, एसएमसी प्रधान सावित्री देवी और समस्त स्टाफ ने खिलाड़ी छात्रों का भव्य स्वागत किया।
