
हमीरपुर। पुलिस थाना नादौन के अंतर्गत एक व्यक्ति ने पानी भर रही महिला पर छेड़खानी करनी शुरू कर दीं। महिला के एतराज जताने पर उसने दराट से हमला कर दिया। इस कारण महिला के गले में चोटें आई हैं। वहीं बचाव करने आए महिला के बेटे पर भी आरोपी ने हमला कर दिया जिस कारण उसे हाथ में चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला तथा उसके बेटे को टांडा रेफर कर दिया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो व्यक्ति ने नशे में धुत्त होकर महिला पर प्रहार किया है। गाली गलौच कर अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक गांव की महिला ने थाना में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह 8 अगस्त को सुबह करीब पांच बजे हैंडपंप से पानी भर रही थी। इस दौरान सुरजीत कुमार पुत्र भगत राम निवासी बटराण नशे में धुत्त होकर आया। उसने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दीं। इस दौरान गाली गलौच भी की। इसके बाद आरोपी ने महिला पर दराट से प्रहार कर दिया। इससे महिला को गंभीर चोटें आई हैं। इस दौरान महिला का शोर सुनकर उसका लड़का घर से बाहर निकला और मां को छुड़ाने लगा तो सुरजीत ने उसके बेटे के साथ भी हाथापाई और गाली गलौच की। इससे उसे भी चोटें आई हैं। दोनों को स्थानीय लोगों ने प्राथमिक उपचार को नादौन अस्पताल पहुंचाया। जहां से दोनों को टांडा रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि सुरजीत कुमार पूर्व सैनिक है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-बीएम शर्मा, एसपी
