
हमीरपुर। सरकार की नीतियों, बदला-बदली की राजनीति के खिलाफ जिला भाजपा के प्रदर्शन में प्रदेश सरकार और कांग्रेस नेता निशाने पर रहे। इस दौरान भाजपा ने प्रदेश सरकार को विकास की ओर ध्यान देने की नसीहत दी। यहां तक कि पूर्व मुख्यमंत्री ने नाजायज तंग करने पर अगली बार हिसाब सेटल करने की चेतावनी तक दे डाली। प्रदर्शन के पश्चात जिला भाजपा ने उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा।
जिला भाजपा अध्यक्ष एवं नादौन के विधायक विजय अग्निहोत्री ने कहा कि सात माह के कार्यकाल में गुंडाराज चल रहा है, एक भी नया विकास कार्य नहीं किया गया है। केवल बदला-बदली की भावना से कार्य किया जा रहा है। कोई भी वर्ग सरकार की प्रताड़ना से अछूता नहीं रहा है। वीरभद्र सिंह कांग्रेस घोषणा पत्र के अनुसार युवाओं के लिए बेरोजगारी भत्ता, रोजगार, औद्योगिक पैकेज को लेकर कार्य करते तो भाजपा साथ देती, लेकिन सरकार के रवैये के चलते भाजपा को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। कांग्रेस नेता अनुराग के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस को जनता को राशन, चीनी उपलब्ध करवाने की चिंता नहीं है, एचपीसीए को जमीन कैसे और क्यों दे दी, यह चिंता हो रही है। अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस जिस भाषा में समझेगी, भाजपा उसी भाषा में समझाने के लिए तैयार है।
हमीरपुर के विकास को लगाया ग्रहण : विनोद
हमीरपुर। प्रदेश भाजपा सचिव विनोद ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हमीरपुर के विकास की तस्वीर को ग्रहण लगा दिया है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में जो विकास हुआ था, कांग्रेस के कार्यकाल में ठप हो गया है। कांग्रेस लोक लुभावने वायदे कर सत्ता में आई थी, लेकिन जनता के हाथ कुछ नहीं आया, एक भी वायदा पूरा नहीं हो पाया है। भाजपा कार्यकर्ताओं, नेताओं सहित अधिकारियों पर झूठे केस बनाए जा रहे हैं। पूर्व शिक्षा मंत्री एवं विधायक ईश्वर दास धीमान ने कहा कि थोड़े समय में ही कांग्रेस सरकार से जनता का मोह भंग हो गया है। केवल हमीरपुर ही नहीं, पूरे प्रदेश में कोई विकास नहीं हो रहा है। बेरोजगारी भत्ते के नाम पर युवाओं को ठगा है, उन्होंने कहा कि 25 साल से कम और 35 साल से अधिक आयु वाले बेरोजगार कहां जाएंगे।
प्रदर्शन में ये नेता, कार्यकर्ता रहे मौजूद
हमीरपुर। प्रदर्शन में पूर्व विधायक उर्मिल ठाकुर, पूर्व विधायक बलदेव शर्मा, जिला महामंत्री विजय पाल सोहारू, राकेश ठाकुर, पूर्व जिला अध्यक्ष देश राज शर्मा, किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्यारे लाल शर्मा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष माया शर्मा, कमलेश कुमारी, नगर परिषद अध्यक्ष दीप बजाज, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा, केसीसी बैंक के पूर्व अध्यक्ष रसील सिंह मनकोटिया, भाजयुमो के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र अत्री, वीना कपिल, बलदेव धीमान, हरीश शर्मा, अजय शर्मा, अजय रिंटू, जिला भाजयुमो अध्यक्ष सुरजीत सिंह, विशाल पठानिया, ऊषा बिरला, आदर्श कांत, वेद प्रकाश, अनूप राणा, त्रिलोक रांगड़ा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बारिश ने डाला खलल
गांधी चौक में जिला भाजपा के विरोध प्रदर्शन के दौरान बारिश ने भी कुछ देर के लिए खलल डाला। जिससे कार्यकर्ता अपने स्थान से उठ खड़े हुए। प्रदर्शन के दौरान पूर्व शिक्षा मंत्री आईडी धीमान संबोधित कर रहे थे, इसी दौरान बारिश शुरू हो गई। पूर्व मुख्यमंत्री संबोधिन को पहुंचे थे कि तेज बारिश के कारण कार्यकर्ता अपने स्थान से खड़े हो गए तथा कुछ ने छाते खोल लिए, कुछ ने दुकानों के शेड का सहारा लिया। कुछ मिनटों के पश्चात बारिश थम गई, और पूर्व मुख्यमंत्री ने भाषण पूरा किया।
