
हमीरपुर। रोजगार कार्यालय हमीरपुर में विप्रो निजी कंपनी द्वारा 6 जून को हमीरपुर में साक्षात्कार का आयोजन किया जा रहा है। एक सौ रिक्त पदों को भरने के लिए कंपनी हमीरपुर में दस्तक दे रही है। रोजगार कार्यालय ने पात्र अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भेज दिए हैं। बिना बुलावा पत्र के भी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
बद्दी स्थित निजी कंपन्नी विप्रो रोजगार कार्यालय में साक्षात्कार का आयोजन कर रही है। इनमें 50 पद प्रशिक्षुओं के भरे जाएंगे। अभ्यर्थियों के पास आईटीआई इलेक्ट्रानिक्स में प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। प्रशिक्षुओं को एक साल के लिए प्रतिमाह 4500 रुपए प्रशिक्षु भत्ता जारी किया जाएगा। एक साल के बाद नियमित कर्मचारी के तौर पर नियुक्ति होगी। इसके अलावा कंपनी द्वारा 30 पुरुष तथा 20 महिला पदों के लिए नियमित प्रशिक्षुओं का चयन किया जाएगा। शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम जमा दो पास होना चाहिए। महिला अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 32 साल के बीच होनी चाहिए। जबकि पुरुष अभ्यर्थियों की आयु 28 से 37 वर्ष के बीच होनी चाहिए। मासिक वेतन 6,131 रुपए प्रतिमाह दिया जाएगा। साक्षात्कार में उत्तीर्ण रहे अभ्यर्थियों को मौके पर नियुक्ति पत्र जारी कर दिए जाएंगे।
उधर, श्रम एवं रोजगार अधिकारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि साक्षात्कार के लिए पात्र अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भेजे गए हैं। जिन अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र प्राप्त न हों बिना बुलावा पत्र के भी साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। इनके अलावा योग्यता रखने वाले अन्य उम्मीदवार भी साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
