हमीरपुर में भी नकली दालचीनी

हमीरपुर। जिले में भी नकली दालचीनी बिक रही है। स्वास्थ्य विभाग ने दालचीनी के सैंपल भरे थे जोकि फेल हो गए हैं। इससे पहले मंडी जिला में भी नकली दालचीनी बेचने का मामला सामने आया था। विभाग ने अब संबंधित दुकानदारों को नोटिस भेज दिए हैं। नोटिस में दुकानदारों से एक माह के भीतर जवाब मांगा गया है। विभाग ने हमीरपुर और नादौन से तीन सैंपल भरे थे।
जानकारी के अनुसार करीब एक माह पूर्व स्वास्थ्य विभाग ने हमीरपुर और नादौन शहर में दुकानों में छापामारी की थी। इस दौरान दालचीनी के तीन सैंपल भरे थे जिन्हें जांच के लिए लैब में भेजा गया था। जांच के दौरान तीनों सैंपल फेल पाए गए हैं। विभाग ने सैंपलों की रिपोर्ट मिलते ही संबंधित दुकानदारों को नोटिस भेज दिया है और एक माह के भीतर जवाब मांगा है। एक माह तक कोई जवाब न आने पर विभाग द्वारा कारोबारियों के खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

लीवर, गुर्दे के लिए हानिकारक
नकली दालचीनी का सेवन करना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। नकली दालचीनी खतरनाक कैमिकल छोड़ती है जो लीवर और गुर्दे पर विपरीत प्रभाव डालती है। लंबे अरसे तक नकली दालचीनी का सेवन करने से गुर्दे और लीवर फेल हो जाते हैं।

दालचीनी खरीदते समय बरते सावधानी
अगर आप बाजार में दालचीनी खरीदने जाते हैं तो खरीददारी करने से पहले सावधानी जरूर बरतें। हालांकि दालचीनी पेड़ की छाल होती है। असली दालचीनी मोड़ने या फोल्ड करने पर भी नहीं टूटती है। जबकि नकली दालचीनी थोड़ा सा दबाने या मोड़ने पर टूट जाती है।

अब होगी कार्रवाई
विभाग ने तीन सैंपल दालचीनी के भरे थे जो फेल हो गए हैं। अब विभाग दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करेगा।
-अतुल कायस्था, फूड इंस्पेक्टर
दुकानदारों को जारी किया नोटिस
सैंपल रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। एक माह के भीतर उनसे जवाब मांगा गया है। जवाब मिलने के पश्चात आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. पीआर कटवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी

Related posts