हमीरपुर में तीन घंटे विद्युत आपूर्ति ठप

हमीरपुर। हमीरपुर सब स्टेशन के 33/11 ट्रांसफार्मर के खराब होने से शहर व आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति करीब तीन घंटे तक बाधित रही। क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को परेशानियों से जूझना पड़ा। रात करीब 11 बजे विद्युत आपूर्ति बहाल हुई।
सब स्टेशन हमीरपुर में 33/11 केवी ट्रांसफार्मर खराब होने से सैकड़ों परिवारों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। शहर के साथ-साथ नादौन, सुजानपुर, टौणीदेवी, भोरंज, जाहू, बड़सर में भी विद्युत आपूर्ति ठप रही है। मंगलवार रात करीब 8 बजे विद्युत आपूर्ति ठप हो गई जो रात करीब 11 बजे तक बंद रही है। हालांकि बड़सर क्षेत्र में विद्यृुत आपूर्ति को करीब एक घंटे बाद सुचारु कर दिया गया था लेकिन टौणीदेवी, सुजानपुर, नादौन, भोरंज और जाहू आदि क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति रात करीब 11 बजे बहाल हुई है।
लोगों में विजय कुमार, सुनील कुमार, प्रताप सिंह, अमर सिंह, सरवण सिंह, अरुण कुमार, देशराज आदि का कहना है कि विद्युत आपूर्ति ठप रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों को अंधेरे में खाना पकाकर खाने को मजबूर होना पड़ा है। लोगों को गर्मी से जूझने को मजबूर होना पड़ा है। लोगों ने आनन फानन में संबंधित विद्युत कार्यालयों में संपर्क भी किया। विद्युत कर्मचारियों ने पीछे से ही सप्लाई बंद होने का हवाला दिया है।
एक्सईएन हमीरपुर, संजय धीमान का कहना है कि 33/11 ट्रांसफार्मर के खराब होने से विद्युत आपूर्ति ठप रही है। ट्रांसफार्मर ठीक कर सुचारु कर दिया गया है।
पीक आवर के चलते हुई अधिक परेशानी
विद्युत आपूर्ति रात करीब आठ बजे ठप हुई। विद्युत बोर्ड कर्मचारियों की मानें तो विद्युत आपूर्ति बंद होने पर पड़ोसी सब स्टेशनों से विद्युत आपूर्ति बहाल की जाती है लेकिन पीक आवर के चलते विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति नहीं हो सकी। ऐसे में पीकआवर के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।

Related posts