हमीरपुर में ठंड का प्रकोप

हमीरपुर। जिला भर में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। रात के समय पारा दो डिग्री तक पहुंच रहा है। जबकि सुबह देर तक धुंध का नजारा देखने को मिल रहा है। ठंड के चलते जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। मंगलवार को भी दिनभर ठंड का प्रकोप जारी रहा। दिन के समय पारा नौ से 12 डिग्री तक रहा। दिनभर बादल छाए रहे। ऐसे में लोग सुबह तक घरों में दुबके रहे। जबकि दुकानदारों ने दुकानों के बाहर आग जलाकर राहत की सांस ली। सरकारी कार्यालयों में भी कर्मचारी हीटर सेंकते नजर आए। लोगों में सुरेश कुमार, नवीन पठानिया, सौरभ दत्तयाल, राहुल चौधरी, मुनीष चौधरी, मन्नू, सुमित कुमार, सुभाष ठाकुर, अनिता देवी, शीला देवी, रोशनी देवी, मुंशी राम, ठुणिया राम, बिंदू रानी, नीलम, प्रवेश कुमार, नितिश, पंकज, रिंकू, वर्फी देवी, रघुवीर सिंह, सोहन लाल आदि की मानें तो ठंड का प्रकोप दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। सुबह देर तक धुंध और कोहरा पड़ रहा है। इससे लोग देर सुबह तक घरों में दुबकने को मजबूर हैं। धुंध के चलते निगम की बसों के रात्रि रूट भी प्रभावित हो रहे हैं। हमीरपुर डिपो के हमीरपुर से पंजाब, दिल्ली के करीब एक दर्जन रूटों पर बसें देरी से पहुंच रही हैं। ऐसे में जहां वाहन चालकों को बसें गंतव्य तक पहुंचाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं यात्रियों को भी ठंड से ठिठुरने को मजबूर होना पड़ रहा है। कुल मिलाकर ठंड के प्रकोप के चलते समाज के प्रत्येक वर्ग प्रभावित हो रहा है।

Related posts