हमीरपुर महाविद्यालय में खाली रह गई सीटें

हमीरपुर। हमीरपुर कॉलेज में शनिवार को पहली कट लिस्ट जारी कर दी गई। आवेदनकर्ता विद्यार्थियों में से 1710 को एडमिशन नहीं मिल पाई है। कॉलेज में 1380 सीटें भरी जानी हैं। 2971 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। महाविद्यालय में 119 सीटें खाली रह गई हैं। विद्यार्थी अपना नंबर देखने के लिए कॉलेज में काफी देर तक इंतजार करते रहे। जब कट लिस्ट लगी तो विद्यार्थियों का हुजूम उमड़ आया। कॉलेज प्रशासन की ओर से जारी पहली सूची में शामिल छात्रों को 24 जून तक फीस जमा करवानी होगी। छात्र निर्धारित तिथि तक फीस जमा नहीं करवाते हैं तो उनकी दावेदारी रद्द कर दी जाएगी। वेटिंग लिस्ट में शामिल दूसरे छात्र को अवसर प्रदान किया जाएगा। 25 जून को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। इनके लिए फीस जमा करवाने की तिथि 27 जून रहेगी।

चार विषयों की नहीं भर पाई सीटें
कॉलेज में 19 मेजर विषयों के लिए निर्धारित सीटों में प्रवेश दिया जाना था। चार विषयों में पूरी सीटें ही नहीं भर पाईं। चारों विषयों में सीटें खाली रह गई। बुरी हालत संस्कृत और म्यूजिक विषय की है। संस्कृत की 60 सीटों में से 14 सीटें ही भर पाईं। म्यूजिक की 12, अंग्रेजी की 51 तथा जर्नलिज्म की 44 सीटें ही भर पाई हैं। शेष सीटें खाली रह गई हैं। सीटों की संख्या के अनुसार छात्रों ने आवेदन ही नहीं किया।

Related posts