
हमीरपुर। हमीरपुर कालेज में प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले सैकड़ों छात्रों का सपना आज टूटेगा। नई व्यवस्था लागू होने के कारण छात्रों के हाथ मायूसी लगेगी और कालेज में प्रवेश नहीं मिलने का गम सताएगा। मुख्यतया परेशानी विज्ञान तथा वाणिज्य संकाय के छात्रों को होने वाली है। कालेज में निर्धारित सीट तथा प्राप्त आवेदनों की संख्या को देखें तो करीब साढ़े चार सौ छात्र बाहर हो जाएंगे। कालेज प्रबंधन द्वारा विषय अनुसार प्राप्त आवेदनों के आधार पर पहली मेरिट सूची आज जारी की जाएगी। मेरिट सूची में आने वाले छात्रों को 25 जून तक फीस जमा करवानी होगी।
रूसा प्रणाली के तहत कालेज में बीकॉम प्रथम वर्ष में 120 सीटें निर्धारित हैं, जबकि 250 छात्रों ने प्रवेश के लिए आवेदन किया है। बीएससी प्रथम वर्ष मेडिकल के बॉटनी मेजर सब्जेक्ट में 124 और जूलोजी में 114 छात्रों ने आवेदन किया है, जबकि दोनों मेजर सब्जेक्ट में सीटें 60-60 निर्धारित हैं। नान मेडिकल के मेजर सब्जेक्ट फीजिक्स में 215, केमिस्ट्री में 184 और मैथ में 157 छात्रों ने प्रवेश के लिए आवेदन किया है। इन विषयों के लिए 120-120 सीटें निर्धारित हैं। बीए प्रथम वर्ष में कुल 340 छात्रों ने प्रवेश के लिए आवेदन किया है जिसमें 12 मेजर सब्जेक्ट के लिए 720 सीटें निर्धारित हैं। कुछ विषयों में अधिक संख्या में छात्रों ने आवेदन किया है जिनमें मेरिट में न आ पाने के कारण या तो उन्हें अन्य विषय पढ़ना पढ़ेगा या फिर प्रवेश से वंचित होना पड़ेगा। आवेदन करने वाले करीब साढ़े चार सौ छात्र मेरिट में स्थान नहीं बना पाएंगे और प्रवेश लेने से वंचित रह जाएंगे।
कालेज प्राचार्य पीसी पटियाल ने कहा कि कम प्रतिशतता वाले छात्रों को अन्य कालेजों में भी आवेदन करने की सलाह दी गई थी जिससे प्रवेश लेने से वंचित न रह जाएं। प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए प्राप्त आवेदनों के आधार पर वीरवार को पहली मेरिट सूची जारी कर दी जाएगी।
