
ऊना/दुलैहड़। सिंगा में तलवार के वार से गंभीर रूप से घायल महिला को नाजुक हालत के चलते पीजीआई रेफर कर दिया गया है। जबकि उसके पति योगेंद्र पाल शर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। उधर, पुलिस ने दंपति पर तलवार से हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल करने के आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।
शनिवार को सिंगा निवासी युवक भावेश कुमार पुत्र राज कुमार ने अपने ही पड़ोसी योगेंद्र पाल शर्मा पर जमीनी विवाद के चलते तलवार से वार कर दिया था, जिसे बचाने बीच में आई योगेंद्र की पत्नी पर युवक ने एक के बाद एक कई वार कर उसे भी घायल कर दिया था। घटना के बाद महिला को क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया था, लेकिन काफी खून बह जाने के कारण शनिवार देर रात महिला की हालत अचानक बिगड़ गई। जिससे उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया है। उधर, एसपी खुशहाल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। आरोपी भावेश कुमार उर्फ काका को हिरासत में ले लिया गया है।
