
पालमपुर (कांगड़ा)। कृषि विवि पालमपुर में अभी गैर शिक्षक कर्मचारी संघ की जीत का जोश ठंडा भी नहीं हुआ था कि अब विवि हिमाचल प्रदेश एग्रीकल्चर यूनीवर्सिटी टीचर एसोसिएशन (हपौटा)के चुनाव में रंग गया है। 15 मार्च को विवि में हपौटा के होने वाले चुनाव को लेकर शिक्षकों में राजनीति गरमा गई है। यह चुनाव राजनीति से भले ही दूर हों, लेकिन कृषि विवि में अपना विशेष रुतबा रखने वाली हपौटा का चुनाव महत्वपूर्ण माना जाता है। इस चुनाव में 209 मत पड़ेंगे। कृषि विवि पालमपुर समेत प्रदेश में अन्य जगहों में मौजूद विवि के 8 कृषि विज्ञान केंद्र और 13 अनुसंधान केंद्रों में बैठे शिक्षक भी अपना वोट डालेंगे। अध्यक्ष पद के लिए डा. अशोक शर्मा व डा एसके सुबैया, सचिव पद के लिए डा एनके सांख्यान व डा. राकेश कपिला और कोषाध्यक्ष के लिए डा. राकेश चाहौता और डा. भाग राम ठाकुर में सीधा मुकाबला होगा। उपाध्यक्ष पद के लिए डा. पंकज मित्तल कृषि विज्ञान केंद्र धौलाकुआं (सिरमौर) को उपाध्यक्ष और डा. राजेश ठाकुर को संयुक्त सचिव चुन लिया गया है। वहीं, कार्यकारिणी सदस्यों में होने वाले चुनाव में एग्रीकल्चर कॉलेज के डा. संजय राणा और वीरेंद्र के बीच मुकाबला होगा। जबकि, होम साइंस कॉलेज से डा. अनुपमा संदल और बेसिक साइंस कॉलेज से डा. नागेश्वर को सदस्य चुन लिया गया है। अब देखना यह है कि 15 मार्च होने वाले इन चुनाव में ताज किसके सिर सजता है, विवि के शिक्षकों को इसका इंतजार है।
