हथियारों से लैस लुटेरों ने जलाई बाइक

गगरेट (ऊना)। गगरेट-होशियारपुर मार्ग पर पंजाब-हिमाचल सीमा पर बसे मंगूवाल में पांवड़ा गांव के एक व्यक्ति को हथियारों से लैस कुछ लुटेरों ने लूटने का प्रयास किया। हालांकि, व्यक्ति ने लुटेरों के चंगुल से निकल कर जान बचा ली, लेकिन वारदात में अज्ञात लुटेरों ने उसकी बाइक को आग लगा दी। मामले के संदर्भ में पंजाब पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वारदात के चलते गगरेट क्षेत्र के लोगों में खौफ है। कुछ ही दिन पूर्व मवा कहोलां में भी एक युवक को घायल कर उसकी बाइक लूट ली गई थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक वीरवार देर रात पांवड़ा गांव का प्रकाश चंद होशियारपुर से बाइक पर घर की और लौट रहा था। इसी दौरान पंजाब के मंगूवाल के पास पांच-छह हथियार बंद लुटेराें ने उस पर हमला कर दिया। प्रकाश चंद ने अपनी बाइक घटनास्थल पर छोड़ी और जंगल की तरफ भाग गया। जबकि, लुटेरे काफी देर तक उसे ढूंढते रहे। बाद में लुटेरों ने प्रकाश की बाइक से पेट्रोल निकालकर उसे आग के हवाले कर दिया। जिसकी शिकायत प्रकाश ने होशियारपुर पुलिस में की है। उधर, डीएसपी होशियारपुर दिग्विजय कपिल ने बताया कि प्रकाश चंद की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है।

कुछ दिन पहले उड़ाई थी बाइक
अभी कुछ ही दिन पूर्व क्षेत्र के मवा कहोलां में अज्ञात लुटेरे युवक पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल करने के बाद बाइक ले उड़े थे। इस संदर्भ में अभी तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लग पाया है।

Related posts