हत्यारे ने राजेश के सिर पर किया था वार

कुमारसैन (शिमला)। राजेश हत्याकांड मामले में पुलिस ने हत्या के लिए प्रयोग की गई लाठी को भी बरामद कर लिया है। आरोपी ने पुलिस रिमांड के दौरान बताया कि उसने राजेश की हत्या उसके सिर पर लाठी से हमला कर की थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के बताए स्थान पर छानबीन की। इस दौरान पुलिस को जंगल में लाठी बरामद हुई। इसकी जानकारी एसडीपीओ रामपुर सुनील नेगी ने की है। आरोपी महेंद्र सिंह ने राजेश की किसी पुरानी रंजिश को लेकर हत्या कर दी थी। इसके बाद आरोपी ने राजेश के शव को जंगल में फेंक दिया था, जहां से पुलिस ने रविवार को शव बरामद किया था। इसके बाद पुलिस ने सोमवार देर शाम को हत्या के आरोप में महेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस की कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी ने बताया कि उसने राजेश की हत्या पुरानी रंजिश के चलते की थी। इसके बाद पुलिस को हत्या में प्रयोग किए गए हथियार की तलाश थी। इसको लेकर पुलिस ने महेंद्र से कड़ी पूछताछ की। आखिर महेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसने राजेश के सिर पर लाठी से हमला किया था। वहीं, उसने पुलिस को बताया कि उसने लाठी भी जंगल में ही फेंक दी है। इसके बाद पुलिस ने महेंद्र के बताए गए स्थान पर लाठी की तलाश की, जहां से पुलिस को लाठी बरामद हो गई। एसडीपीओ रामपुर सुनील नेगी ने बताया कि पुलिस ने हत्या में प्रयोग की गई लाठी को बरामद कर लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामले को सुलझा लिया है। आरोपी अभी भी पुलिस रिमांड पर चल रहा है।

Related posts