
हमीरपुर। हिमाचल ग्रामीण बैंक कर्मचारी संघ एवं हिमाचल ग्रामीण बैंक ऑफिसर्ज आर्गेनाइजेशन की बैठक आल इंडिया ग्रामीण बैंक के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डीसी शर्मा की अध्यक्षता में हमीरपुर में आयोजित की गई। हिमाचल ग्रामीण बैंक कर्मचारी संघ के प्रधान जोगिंद्र धीमान, अधिकारी संगठन उपमहामंत्री राजेश शर्मा, उपाध्यक्ष रमेश वर्मा, सचिव राम कुमार, प्रेम दीप शर्मा एवं संगठन मंत्री विजय सिंह ठाकुर ने बैठक में उपस्थित सदस्यों को बैंक अध्यक्ष की कर्मचारी विरोधी नीतियों की जानकारी से अवगत करवाया। बैठक में जिला शिमला, सोलन, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी जिले के तहसील सरकाघाट के कर्मचारी व अधिकारी उपस्थित हुए। बैठक में हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक कर्मचारी/अधिकारी संघ ने मांगों के समर्थन में आंदोलन, कार्यक्रम एवं बैंक प्रबंधन द्वारा संगठन के मांगपत्र पर अपनाए उदासीन रवैए पर चर्चा की और आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया। बैंक में अधीनस्थ वर्ग कर्मचारियों के 142 पद रिक्त पड़े हैं, लेकिन पदों पर बैंक में कार्य कर रहे अंशकालिक कर्मियों को समायोजित नहीं किया जा रहा। बैंक में 250 से अधिक विभिन्न वर्गों के पद खाली पड़े है। दूसरे में चरण में 19 अगस्त को मंडी में विरोध रैली करके बैंक निदेशकों को ज्ञापन सौंपेंगे तथा 2 सितंबर से ऋण वितरण का बहिष्कार, पूर्ण असहयोग शुरू किया जाएगा। 27 सितंबर को एक दिन की सांकेतिक हड़ताल, 3 अक्तूबर को अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
