
मैड़ी (ऊना)। डेरा बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी में शनिवार को मेले के पहले दिन हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई। पंजाब, हरियाणा, जम्मू सहित देश-विदेश से श्रद्धालु अपनी मन्नते लेकर मैड़ी पहुंचने शुरू हो गए हैं। ये मेला क्षेत्र एक मिनी पंजाब का रूप ले चुका है। लोग पूरे उल्लास और उम्मीदों के साथ क्षेत्र के डेरा बाबा बड़भाग सिंह बेरी साहब, गुरुद्वारा मंजी साहब, चरणगंगा, कुज्जासर और मंदिर वीर नाहर सिंह जी में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
कई श्रद्धालु मेले में कुछ दिन रहने के लिए आते हैं। वे धार्मिक संस्थाओं की ओर से बनाई गई सराय इत्यादि में, किराये के भवनों में अथवा तंबू किराए पर लेकर रहते हैं। मेला शुरू होते ही सराए-तंबुओं इत्यादि में भी रौनक बढ़ने लगी है। धौलीधार सेवा सोसायटी के अध्यक्ष महंत शादी लाल गोस्वामी ने बताया कि मेले के पहले दिन हजारों श्रद्धालुओं ने पावन चरण गंगा में पवित्र स्नान किया और धूने के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
बसोें, ट्रकों में भी पहुंचे श्रद्धालु
मैड़ी (ऊना)। बाबा बड़भाग सिंह मेले में पंजाब समेत दूसरे राज्यों से ट्रकों, बसों और अन्य छोटे वाहनों में भी श्रद्धालु पहुंचे। पुलिस के 1500 से अधिक जवानों को सुरक्षा के मोर्चेे पर तैनात किया गया है। एडिशनल एसपी वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि मेले को लेकर सुरक्षा घेरा कसा गया है।
