स्वास्थ्य विभाग ने यहां कसा शिकंजा, 4 सैंपल भरे

स्वास्थ्य विभाग ने यहां कसा शिकंजा, 4 सैंपल भरे

चम्बा: त्यौहारों के सीजन के चलते लोगों की सेहत के साथ कोई खिलवाड़ न कर सके इसके लिए जिला स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। इसी के चलते मंगलवार को विभाग की टीम ने जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक आनंद की अगुवाई में जिला के विभिन्न स्थानों पर छापामारी करके खाद्य सामग्री के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए कंडाघाट की प्रयोगशाला में भेजा।
टीम ने जिला मुख्यालय में मुख्य बाजार के साथ नगर के साथ लगते जुलाहकड़ी व करियां बाजार में छापामारी करके खाद्य पदार्थ फैनी के सैंपल भरे। विभाग के अधिकारी का कहना है कि मिलावटी व गुणवत्ताहीन तथा अधोमानक खाद्य वस्तुओं को किसी भी कीमत पर ग्राहकों को बेचने नहीं दिया जाएगा। मिलावटी, गुणवत्ताहीन व अधोमानक खाद्य वस्तुएं बेचने वाले दुकानदारों, ढाबा मालिकों, हलवाइयों व रेहड़ी मालिकों के खिलाफ  कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आरोपी दुकानदारों, ढाबा मालिकों, हलवाइयों व रेहड़ी मालिकों के खिलाफ  खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 के तहत विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने लोगों ने आग्रह किया है कि अगर उन्हें कहीं मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचे जाने का अंदेशा होता है तो वे विभाग को इसकी लिखित सूचना किसी भी कार्य दिवस को दे सकते है। स्वास्थ्य विभाग ने दुकानदारों को चेतावनी दी है कि खाद्य पदार्थों को खुले में रखकर न बेचे व विशेष रूप से मिठाइयों में रंग का अधिक इस्तेमाल न करें। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक आनंद ने बताया कि मंगलवार को चार खाद्य वस्तुओं के सैंपल भरे गए है। आगामी दिनों में भी यह ओर तेजी के साथ चलाया जाएगा। आनंद ने बताया कि पड़ोसी जिलों व राज्यों से आने वाली समस्त खाद्य वस्तुओं की सप्लाई पर विभाग पैनी नजर रखे हुए है।

Related posts