स्वतंत्रता दिवस पर जमकर चला जुआ

ऊना। एक ओर स्वतंत्रता दिवस मनाने की तैयारियां चल रही थीं, वहीं कुछ लोग जुए और अवैध शराब में मस्त थे। पुलिस ने 14 अगस्त की रात चार अलग-अलग स्थानों पर छापेमारियां कर चार लोगाें को जुएबाजी और अवैध शराब की तस्करी के आरोप में दबोचा है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊना सिटी पुलिस चौकी प्रभारी कमलदीप ने बुधवार देर रात शहर की सीएसडी कैंटीन ऊना में गणेश कुमार पुत्र गंगा राम निवासी वार्ड नंबर 4 ऊना को दड़ा सट्टा की पर्ची एवं 1962 रुपये सहित पकड़ा है। उधर, मैहतपुर चौकी प्रभारी प्रीतम चंद ने इसी रात भटोली मोड़ में दविंद्र कुमार उर्फ बब्बू पुत्र द्वारका दास निवासी बहडाला को दड़ा सट्टा पर्ची एवं 1150 रुपये सहित पकड़ा। हरोली थाना के सहायक उपनिरीक्षक सुरेश कुमार ने बुधवार की रात दुलैहड़ में दीपक कुमार पुत्र राम पाल निवासी दुलैहड़ को दड़ा सट्टा की पर्ची एवं 1150 रुपये सहित पकड़ा है। एसपी अनुपम शर्मा ने सभी मामलों की पुष्टि करते हुए बताया के आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के अंतर्गत मामले दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। दूसरी ओर थाना अंब के सहायक उपनिरीक्षक अशोक कुमार ने बुधवार रात नकड़ोह के बिल्लू दी तलाई में किरण कुमार पुत्र किशन चंद निवासी नकड़ोह को छह बोतल अवैध अंग्रेजी शराब एवं छह बोतल अवैध देसी शराब बरामद की है। एसपी ने बताया कि पुलिस ने इस संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।

Related posts