
ऊना। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के ऊना स्थित खेल छात्रावास में रह रहे खिलाड़ियों ने छात्रावास प्रशासन और विभाग पर पूरी डाइट न देने और खराब खाना खिलाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में छात्रावास में रह रहे चार खेलों के लगभग 70 खिलाड़ियों ने शनिवार को धरना दिया और भूख हड़ताल की। खिलाड़ियों ने आरोप लगाया है कि उनके लिए 125 रुपये दैनिक डाइट निर्धारित की गई है, लेकिन तीन माह से छात्रावास में खाना अच्छा न मिलने के चलते कई बार तबीयत भी खराब हुई है। वहीं, छात्रावास में इंचार्ज पद खाली होने के कारण खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि इस बारे में लिखित रूप में कई बार डायरेक्टर खेल विभाग एवं डीएसओ को अवगत करवाया गया, लेकिन बावजूद इसके कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई जाती है। खिलाड़ियों को हर बार शीघ्र ही डाइट में सुधार लाए जाने के आश्वासनों के सिवाय कुछ नहीं मिल पाया है।
खिलाड़ियों में हरीश सिंह, सुखविंद्र सिंह, सुमित डोगरा, प्रदीप चौधरी, देसराज, अभिषेक, वीरेंद्र कुमार, निखिल चौहान, रितिक शर्मा, अजमेर सिंह, पीयूष, अनीश और हिमांशु चौहान सहित अन्यों खिलाड़ियों ने बताया कि हर रोज नाश्ते में केला, अंडा एवं दालिया भी नहीं मिल पा रहा है। इस कारण खिलाड़ियों के सेहत में गिरावट आ रही है। खिलाड़ियों ने कहा कि खेल के साथ-साथ पढ़ाई में भी ध्यान देना इनके लिए आवश्यक है, लेकिन डाइट पूरी न मिलने के कारण वे कमजोरी महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मेस में सफाई भी नहीं है।
उधर, खेल छात्रावास के इंचार्ज कुलदीप शर्मा ने बताया कि विभाग ने 70 बच्चों ने लिए एक कुक एवं एक हेल्पर रखा है, जिसमें से कुक के अवकाश पर होने के कारण हेल्पर अच्छा खाना नहीं बना पाया, इस कारण यह घटना हुई है। उन्होंने कहा कि खेल छात्रावास में इंचार्ज की पोस्ट खाली होने के कारण ऐसी समस्याएं पेश आ रही हैं।
विभाग के कार्यकारी खेल अधिकारी जगदीश चौधरी ने कहा कि विभाग को इस बारे में सूचित कर दिया है। उन्होंने कहा कि 1 सिंतबर को खेेल निदेशक सुमन रावत इन खिलाड़ियों से बात करेगी एवं इनकी समस्याओं को सुलझाएगी। जबकि उपायुक्त अभिषेक ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है, विभाग से इस संबंध में जानकारी तलब की जाएगी।
