
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) स्पॉट फिक्सिंग मामले में दिल्ली पुलिस आज अपने आरोपपत्र में अंडरवर्ल्ड सरगना दाउद इब्राहिम, राजस्थान रॉयल्स के तीन खिलाडिय़ों एवं कई अन्य लोगों का नाम ले सकती है। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ट अधिकारी ने बताया, ‘‘आरोपपत्र में दाउद इब्राहिम और राजस्थान रॉयल्स के तीन खिलाड़ी एस श्रीसंथ, अजीत चंदीला एवं अंकित चव्हाण समेत 30 से अधिक लोगों के नाम होंगे।’’
राजस्थान रॉयल्स के तीन खिलाडिय़ों के अलावा 11 सट्टेबाजों को मई में आईपीएल छह के दौरान मुंबई, अहमदाबाद और दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था। बाद में देश के विभिन्न हिस्सों से 15 अन्य लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। इस मामले में 21 आरोपी हैं जिसमें श्रीसंथ और चव्हाण को अदालत ने जमानत दे दी है जबकि चंदीला समेत अन्य न्यायिक हिरासत में हैं। दिल्ली पुलिस आयुक्त नीरज कुमार ने पहले कहा था कि वह 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने से पहले स्पॉट फिक्सिंग मामले में आरोप पत्र दायर करना चाहेंगे।
