स्थानीय कलाकारों को मिलेगी प्राथमिकता

सैंज (कुल्लू)। 04 मई को शुुरू होने वाले चार दिवसीय जिला स्तरीय सैंज मेले की तैयारियों को लेकर मेला कमेटी जोर-शोर से जुट गई है। मेले के सफल आयोजन के लिए कमेटी की बैठकों का दौर शुुरू हो गया है। मेले की तैयारियां पूर्ण करने के लिए कमेटी ने 10 बैठकें निर्धारित की हैं। शुक्रवार को भी मेला कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक मेला कमेटी के अध्यक्ष यान सिंह नेगी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मेले के आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
मेला कमेटी के प्रचार-प्रसार प्रभारी अमर ठाकुर के अनुसार मेले के आयोजन में प्रशासन और घाटी के जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध लोगों से मेला कमेटी ने सहयोग की अपील की है। वहीं सभी विभाग अध्यक्षों व जन प्रतिनिधियों को पत्र भेजकर इस मेले की शोभा बढ़ाने के साथ अपनी भागदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। बैठक में मेला कमेटी ने फैसला लिया है कि मेले में रात्रि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए कलाकार 30 अप्रैल तक मेला कमेटी को आवेदन कर सकते हैं, जिसमें स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी। दैनिक कार्यक्रमों में स्थानीय स्कूलों, संस्थानों और अन्य कलाकारों को 2 मई तक अपने कार्यक्रमों की सूची मेला कमेटी को सौंपनी होगी। मेले में आने वाले व्यापारियों को मेला मैदान में प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया भी जल्द शुुरू की जाएगी। बैठक में मेला कमेटी के उपाध्यक्ष डाले राम, सचिव मोती राम कटवाल, सदस्य हरि राम आजाद, टेक सिंह, हितेंद्र धामी तथा दुर्गा सिंह आदि शामिल रहे।

Related posts