
सतौन (सिरमौर)। गिरीपार क्षेत्र की कमरऊ पंचायत में स्थित आईपीएच विभाग के पंप हाउस पर वीरवार देर शाम ताला जड़े जाने की घटना प्रमुखता से चर्चा में है। विभाग ने ‘अमर उजाला’ में छपी खबर पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए पंप हाउस पर तैनात विभाग के कर्मचारी को स्थानांतरित कर दिया गया है और लापरवाही बरतने पर एक माह की पगार पर भी रोक लगा दी गई है। ग्रामीणों ने विभाग की इस कार्रवाई का स्वागत किया है।
इलाके में पीने के पानी की किल्लत झेल रहे ग्रामीण जब वीरवार देर शाम पंप हाउस पर पहुंचे तो वहां पर कोई कर्मचारी न होने के कारण ग्रामीणों ने पंप हाउस में ताला जड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही शुक्रवार को बाद में पांवटा डिविजन के सहायक अभियंता देवानंद पुंडीर, सतौन सेक्शन के कनिष्ठ अभियंता रघुवीर चौहान मौके पर पहुंचे। अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बाद ही ग्रामीणों ने पंप हाउस पर जड़ा ताला खोलने की इजाजत दी। कर्मचारी को हटाने तथा उसकी एक माह का वेतन रोके जाने की पुष्टि करते हुए सहायक अभियंता पांवटा देवानंद पुंडीर ने बताया कि क्षेत्र में पीने के पानी की सप्लाई को लेकर अतिरिक्त कर्मचारियों को काम पर लगाया जाएगा। हर हाल में लोगों को पीने का पानी मुहैया करवाया जाएगा।
