स्टेयरिंग पर सांप, चालक ने लगाई छलांग

ऊना। क्षेत्र के पनोह में शनिवार रात एक सड़क हादसे में एक राहगीर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि चलते ट्रक के स्टेयरिंग पर अचानक सांप के आ जाने से चालक नियंत्रण खो बैठा और उसने अपनी जान बचाने के चक्कर में चलते ट्रक से छलांग लगा दी। इससे सड़क पर पैदल चल रहे दोनों व्यक्ति ट्रक की चपेट में आ गए। पुलिस के अनुसार वहां लोगों ने भी सांप को देखा।
पुलिस के अनुसार ट्रक नंबर एचआर 55सी-1313 ऊना से अंब की ओर जा रहा था। पनोह के पास ट्रक के पहुंचते ही एक सांप अचानक स्टेयरिंग पर चढ़ गया। उसे देख चालक मोती राम निवासी तखीपुर जिला कांगड़ा बुरी तरह घबरा गया और उसने जान बचाने के चक्कर में आनन-फानन में चलते ट्रक से छलांग लगा दी। लेकिन ट्रक ने पनोह की रामलीला से लौट रहे मोहम्मद इस्लाम पुत्र मोहम्मद सदीक निवासी भौजीपुरा जिला बरेली उत्तर प्रदेश और हनीश पुत्र अन्ना निवासी बरेली उत्तर प्रदेश को चपेट में ले लिया। इनमें से मोहम्मद इस्लाम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि हनीश बुरी तरह घायल हो गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच इस्लाम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। जबकि हनीश को भी उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि दोनों युवक पंजावर में रहते थे, जो शनिवार देर रात रामलीला देखने के लिए पनोह पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और ट्रक को कब्जे में ले लिया है।

Related posts