
योगेंद्र यादव ने कहा कि वे आप पर किए गए स्टिंग ऑपरेशन की मूल सीडी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर रहे हैं।
अगर किसी को भी इसमें किसी को भी खामी नजर आए तो वह ‘आप’ को सीधे शिकायत कर सकते हैं।
इसके साथ ही यादव का कहना था कि एक मीडिया चैनल पर स्टिंग दिखाने के दौरान दावा किया जा रहा था कि आप में ईमानदारी प्रत्याशी ढूंढे नहीं मिल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस मामले में भी झूठ बोला गया। मूल सीडी में जीके और करावल नगर के दो प्रत्याशियों का लंबा इंटरव्यू है, जिन्होंने लाख कोशिशों के बावजूद इस बारे में बात तक करने तक से इनकार कर दिया था।
स्टिंग दिखाने के दौरान इन प्रत्याशियों को पूरी तरह गोल कर दिया।
कुमार विश्वास का स्टिंग
स्टिंग में कुमार विश्वास को सुना जा रहा है कि ‘पैसे कैश से दो या चेक से, क्या फर्क पड़ता है…।’
आप का आरोप है कि चंद सेकंड का इसका अगला ही अंश काट दिया गया, जिसमें कुमार कहते हैं, ‘…मुझे तो टैक्स देना ही है।’
कुमार से मिलने से पहले स्टिंग करने वाली पत्रकार उनके सेक्रेटरी से मिलकर उनके अकाउंट आदि की बात करती है।
इस पर सेक्रेटरी ने कहा कि शुरू से ही, जब चार-पांच लाख रुपये की आमदनी होती थी कुमार अकाउंटेंट बुलाकर सारा कुछ अपडेट करवाते थे।
शाजिया का स्टिंग
शाजिया इल्मी पर लगे आरोप पर योगेंद्र यादव का कहना है कि स्टिंग में शाजिया पूरी बातचीत के दौरान कानूनी दस्तावेज का हवाला देती रहीं।
वहीं, बैठकर व खड़ी होकर बात करने के बीच का करीब 14 सेकंड का हिस्सा काट दिया गया है।
इसमें शाजिया कहती हैं कि ‘मैं पत्रकार रही हूं, मैं झूठ नहीं बोलती।’ इसके बाद बातचीत में फंडिग का संदर्भ शुरू होता है।
इसमें शाजिया चेक से बीस हजार रुपये लेने का जिक्र करती हैं, जिसे बाद में लाखों का बताया जा रहा है।
