
कुरियाला (ऊना)। कुछ लोगों ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुरियाला में बतौर चौकीदार तैनात एक व्यक्ति की पिटाई कर डाली। 11 फरवरी को आरोपियों ने कुरियाला चौक पर भी शिकायतकर्ता को पकड़ा और मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने शिकायतकर्ता से सोने की चेन और करीब 40 हजार रुपये भी छीन लिए। इसके अलावा कुछ अन्य दस्तावेज भी छीनाझपटी के दौरान गायब होने की शिकायतकर्ता ने बात कही है। शिकायतकर्ता कुरियाला निवासी सतपाल शर्मा ने एसपी अनुपम शर्मा को भी इस संदर्भ में शिकायतपत्र सौंपा है। एसपी ने सदर थाना पुलिस को मामले में आगामी कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
शिकायत पत्र में सतपाल शर्मा ने कहा कि कुछ दिन पहले बहडाला के एक होटल में उनके बेटे की शादी हुई है। शादी के बाद पेमेंट करने के लिए उन्होंने अपनी जेब में 40 हजार रुपये के अलावा कुछ और राशि रखी थी। होटल में उन्होंने 40 हजार देने थे। इससे पहले ही आरोपियों ने उन्हें कुरियाला चौक पर घेर लिया और मारपीट की तथा राशि, सोने की चेन छीन ली। करीब एक वर्ष पूर्व उन्होंने सोने की चेन 65 हजार रुपये में खरीदी थी। आरोप है कि आठ, नौ और दस फरवरी की रात को भी आरोपी उन्हें डराने धमकाने के लिए स्कूल में घुसे थे। घटना को अंजाम देने वाले तीनों आरोपी भी कुरियाला क्षेत्र के ही हैं। एसपी अनुपम शर्मा ने शिकायत पत्र मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि सदर थाना पुलिस को आगामी कार्रवाई के लिए कहा गया है।
