
भोटा (हमीरपुर)। भोटा कस्बे में सड़क हादसे में महिला और उसके तीन वर्षीय बेटे की मौत हो गई। महिला स्कूटर पर अपने ससुर के साथ भोटा अस्पताल से बेटे का चेकअप करवाकर गलोड़ घर की ओर जा रही थी। हादसे में ससुर सलामत हैं। घटना की सूचना मिलने के पश्चात पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार रणजीत सिंह निवासी गलोड़ अपने पोते नैतिक ठाकुर को चेकअप करवाने के लिए चैरिटेबल अस्पताल भोटा लाया था। नैतिक के साथ उसकी मां सोमा देवी (31) पत्नी मुनीष कुमार भी साथ थी। बच्चे का चेकअप करवाने के बाद वे स्कूटर में घर की ओर रवाना हो गए। भोटा कस्बे में स्थित पुलिस चौकी के सामने विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक को पास देने से पहले ही स्कूटर अनियंत्रित हो गया। इस कारण सोमा और नैतिक सड़क पर गिर गए। हादसे में सोमा देवी को सिर पर गंभीर चोट आई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बेटे नैतिक को भी सिर में काफी चोटें आई थीं। हादसे के बाद नैतिक को भोटा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां नैतिक ने भी दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक बीएम शर्मा का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है।
