
ऊना। क्षेत्र के कोटला कलां में स्कूटर और बाइक में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक महिला सहित तीन लोग जख्मी हो गए। उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में घायल का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुलशन सैणी पुत्र मेहर सिंह सैणी निवासी कोटला कलां ने शिकायत दर्ज करवाई कि देर रात वह सब्जी लेकर घर जा रहा था। इस दौरान बाबा वाल गेट के पास जब वह सड़क क्रास कर रहा था तो बंगाणा की ओर से एक मोटरसाइकिल तेज रफ्तार से आई और इसके स्कूटर को टक्कर मार दी। हादसे में उसे एवं मोटरसाइकिल चालक एवं उसके पीछे बैठी एक महिला कोे चोंटें आईं। पुलिस अधीक्षक खुशहाल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में धारा 279, 337 के तहत मोटरसाइकिल सवार निवासी सरसोली के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
40 क्विंटल अवैध लकड़ी पकड़ी
दौलतपुर चौक (ऊना)। क्षेत्र के पृथ्वीपुर में पुलिस ने नाके के दौरान ट्रैक्टर में अवैध लकड़ी पकड़ी। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस संदर्भ में दोनों आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के विभिन्न धाराआें के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य आरक्षी यशपाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने देर रात नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान पुलिस कर्मियों ने रात करीब तीन बजे पृथ्वीपुर रोड दौलतपुर में चैकिंग के लिए एक ट्रैक्टर को रोका। इसमें 40 क्विंटल बालन की लकड़ी बिना परमिट की बरामद की गई। हैरत की बात है कि पकड़े गए ट्रैक्टर का नंबर भी नहीं था। एसपी खुशहाल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर चालक शौकत अली एवं कमालद्दीन निवासी डंगोह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
