स्कूटर चोर गिरोह का पर्दाफाश

मैहतपुर (ऊना)। हिमाचल के सरहदी क्षेत्रों से स्कूटर चुराकर उन्हें बेचने का गोरखधंधा चला रहे एक गिरोह का मैहतपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बुधवार को नाके के दौरान पकड़े गए गिरोह के दो लोगों को स्थानीय पुलिस ने चोरी करके बेचने के लिए ले जा रहे दो स्कूटरों सहित दबोच लिया है। पकड़े गए लोगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। एसपी ऊना अनुपम शर्मा ने दोनों शातिराें के पकड़े जाने की पुष्टि की है। बुधवार को गांव भटोली के सरकारी स्कूल के पास एक स्कूटर के पीछे दूसरा स्कूटर बांधकर ले जा रहे दो युवकों को स्थानीय पुलिस की टीम में शामिल मुख्य आरक्षी सुभाष चंद, राजीव, अमनदीप तथा महिला आरक्षी कर्म कौर ने रोक कर पूछताछ की तो पता चला कि दोनों ही स्कूटर चोरी के हैं, जिन्हें बेचने के लिए दोनों शातिर पंजाब की ओर जा रहे थे। पुलिस ने शातिरों से एक बिना नंबर प्लेट के और दूसरा एचपी-20-8791 नंबर स्कूटर बरामद करके दोनों को हिरासत में ले लिया। चौकी प्रभारी प्रीतम जरयाल के मुताबिक दोनों शातिर सुनील कुमार तथा जसविंदर पाल निवासी एसवीएस नगर नवांशहर पंजाब के हैं। प्रारंभिक पूछताछ में शातिरों ने पुलिस को बताया कि वे इस क्षेत्र से स्कूटर चुराकर पंजाब तथा अन्य जगहों पर बेचने का धंधा चला रहे हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो इस गिरोह के तार पंजाब से जुड़े हो सकते हैं, जो इस तरह के गोरखधंधे को अंजाम दे रहा है।

कई लोगों के स्कूटर हुए हैं चोरी
जिले के इस सरहदी क्षेत्र मैहतपुर, बसदेहड़ा, रायपुर सहोड़ां, चढ़तगढ़ तथा रेलवे रोड से कई लोगों के स्कूटर चोरी हो चुके हैं। इनमें कुछ लोगों ने तो स्थानीय चौकी में रपट भी लिखवा रखी है। मुख्य बाजार के एक दुकानदार सुखविंदर पुत्र संतोख सिंह का मंगलवार को ही स्कूटर चोरी हुआ था।

गिरोह के मुख्य सरगना को धरेगी पुलिस
ऊना के पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने कहा कि अगर इस तरह के गिरोह का मुख्य सरगना पंजाब के नवांशहर से यह गोरखधंधा चला रहा है तो वह पुलिस की पकड़ से ज्यादा दिनों तक नहीं बच पाएगा। उन्होंने मामले में और गिरफ्तारियों के भी संकेत दिए हैं।

Related posts