
उत्तरकाशी। भारत के विभिन्न राज्यों से पहुंचे स्काउट-गाइडों ने उत्तरकाशी से गंगोत्री तक पैदल यात्रा कर पर्यावरण स्वच्छता और गंगा की निर्मलता का संदेश दिया है। इस दौरान उन्होंने गंगोत्री मंदिर में देश-विदेश से पहुंचे तीर्थयात्रियों को अनुशासन का पाठ भी पढ़ाया।
भारत स्काउट एंड गाइड की ओर से आयोजित दस दिवसीय ट्रेकिंग कम इनवायरमेंट अवेयरनेस कैंप में अंतिम दिन रविवार को स्काउट व गाइड ने उत्तरकाशी में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता रैली निकाली। उन्होंने लोगों को पर्यावरण व गंगा संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। कैंप लीडर व भारत स्काउट-गाइड के अपर निदेशक अरुण चंद्रा पात्र ने बताया कि दस दिनों तक चले इस कैंप के तहत गंगोरी, भटवाड़ी, सुनगर, मनेरी, हर्षिल, भैरोंघाटी और गंगोत्री क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। कैंप के दौरान गंगोत्री धाम पहुंचे तीर्थयात्रियों को अनुशासन का पाठ भी पढ़ाया। इसके तहत यात्रियों को लाइन पर लगना सिखाया गया। कैंप में 13 राज्यों के 47 प्रतिभागी शामिल हैं। रैली में शिवांगी सक्सेना, भूप सिंह, राजीव शर्मा, सरला बेन, राजेश शर्मा, ओम प्रकाश त्रिपाठी आदि शामिल रहे।
