सौरभ और मेधा दौड़े सबसे तेज

गगरेट (ऊना)। क्षेत्र की खंड स्तरीय पाइका खेलकूद प्रतियोगिता वीरवार को ओयल स्कूल में हुई। इसकी शुरुआत स्कूल के प्राचार्य मनजीत जसवाल ने की, जबकि समापन अवसर पर समाजसेवी रामपाल भारती मुख्य अतिथि रहे। हैंडबाल की कोच कांता पराशर और विनोद कुमार ने बताया कि इस खेलकूद प्रतियोगिता में कुल 20 पंचायतों के लगभग 430 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। पाइका खेलों के तहत हुई सौ मीटर रेस में मेधा ने बाजी मार कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। चलेट से श्वेता दूसरे स्थान पर तथा दियोली की श्वेता जसवाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। लड़कों की 800 मीटर रेस में सौरभ दियोली ने पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर भंजाल के अनिल तथा तीसरे पर ओयल के अभिषेक रहे। वहीं वॉलीबाल प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चलेट की लड़कियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर पंजावर स्कूल तथा तीसरे पर दियोली स्कूल रहा। उन्हाेंने बताया कि अभी काफी मुकाबले होने बाकी हैं। इस मौके पर उनके साथ स्कूल के स्टाफ के अतिरिक्त रेसलिंग कोच ईश्वर चंद्र, कुलदीप शर्मा, वॉलीबाल कोच सतीश व चंद्र मोहन सहित बहुत से गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।

Related posts