
बंगाणा (ऊना)। कु टलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की सोलहासिंगी एवं रामगढ़ धार को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। सोलहसिंगी धार पर स्थित टूरिज्म हट के लिए मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग से 10 लाख रुपये की मंजूरी भी दिलवा दी है। सोलहासिंगी धार का एक प्रतिनिधिमंडल कुटलैहड़ कांग्रेस नेता रामदास मलांगड़ से इसी मुद्दे को लेकर मिला था और उनके समक्ष सीएम वीरभद्र सिंह से मिलकर खेड़ी गांव में टूरिज्म हट के कार्य को सुचारु रूप से शुरू करने के लिए बजट उपलब्ध करवाने की मांग की थी। चमियाड़ी पंचायत के खेड़ी गांव में बन रहे टूरिज्म हट का कार्य दो वर्ष पहले कुछ कारणों के चलते बीच में ही रोक दिया गया था।
कु टलैहड़ क्षेत्र की यह दोनों धारे बहुत ऊंची-ऊंची हैं और इन धारों पर महाराजा रणजीत सिंह के बनाए गए किलों की वजह से यहां की खूबसूरती देखते ही बनती है। इन किलों को देखने के लिए दूरदराज के बाहरी राज्यों से पर्यटक यहां पर पहुंचते हैं। हालांकि इन दोनों धारों पर पर्यटकों के ठहरने और खाने-पीने जैसी कोई सुविधा उपलब्ध नहीं हैं।
इस संबंध में बीडीओ राज कंवर ने बताया कि टूरिज्म विभाग धर्मशाला से सोलहसिंगी धार पर स्थित टूरिज्म हट के कार्य को पूरा करने के लिए पहली किस्त के तौर पर चार लाख रुपये की राशि आ चुकी है। कु टलैहड़ कांग्रेस नेता ने सीएम के समक्ष रामगढ़ धार पर वन विभाग का एक विश्राम गृह बनाने के लिए मांग भी रखी थी। जिससे वहां पर पहुंचने वाले पर्यटकों का खाने-पीने व ठहरने जैसी सुविधाएं मिल सकें। टूरिज्म हट और विश्राम गृह बनने से कु टलैहड़ क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा होगा।
